बदायूं के फैजगंज क्षेत्र में चोरों का आतंक: दासपुर गांव के चार घरों में एक साथ सेंधमारी, लाखों के जेवर और नकदी पार

बदायूं के फैजगंज क्षेत्र में चोरों का आतंक: दासपुर गांव के चार घरों में एक साथ सेंधमारी, लाखों के जेवर और नकदी पार

बदायूं। जनपद के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में इन दिनों अज्ञात चोरों का गिरोह पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। ताजा मामला ग्राम दासपुर का है, जहां बुधवार देर रात चोरों ने एक साथ चार अलग-अलग घरों को अपना निशाना बनाया। एक ही रात में हुई इन चार बड़ी वारदातों के बाद से पूरे गांव में डर और तनाव का माहौल है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।

बंद घरों में ताले तोड़े, सोते परिवार को कमरे में किया कैद

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, बदमाश विशेष रूप से उन घरों की रेकी कर रहे हैं जो बंद पड़े हैं। बुधवार रात दासपुर निवासी महेश चंद, वीरेश कुमार, छोटेलाल और उमेशपाल के घरों में चोरी की घटनाएं हुईं। इनमें से छोटेलाल और उमेशपाल रोजगार के सिलसिले में बाहर रहते हैं, जिसके चलते उनके मकानों पर ताले लटके थे। चोरों ने तीन घरों में दीवार में सेंध लगाकर और दरवाजों के कुंडे-ताले तोड़कर प्रवेश किया। अंदर रखी अलमारियों और बक्सों को तोड़कर चोरों ने सारा सामान बिखेर दिया और सोने-चांदी के आभूषणों समेत नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

भाई को फोन कर खुलवाया कमरे का दरवाजा

इस घटनाक्रम में चौंकाने वाली बात पीड़ित वीरेश कुमार के घर से सामने आई है। वीरेश ने पुलिस को बताया कि उनके घर में दो कमरे बने हुए हैं। रात के समय वह अपने परिवार के साथ एक कमरे में सो रहे थे। शातिर चोरों ने आहट न हो, इसके लिए उनके कमरे की कुंडी बाहर से लगा दी और बगल वाले कमरे की अलमारी से सारा कीमती सामान समेट ले गए। सुबह करीब 5 बजे जब परिवार जागा तो दरवाजा बाहर से बंद मिला। इसके बाद वीरेश ने फोन करके अपने भाई को बुलाया, तब जाकर परिवार कमरे से बाहर निकल सका और चोरी की जानकारी हुई।

लगातार हो रही वारदातों से पुलिस गश्त पर उठे सवाल

महज दो किलोमीटर के दायरे में एक दिन के भीतर हुई इन वारदातों से स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भारी रोष है। गौरतलब है कि इससे ठीक दो दिन पहले पास के ही ग्राम खजुरिया में रघुनाथ और आनन्द पाल के बंद मकानों से लाखों की चोरी हुई थी। इतना ही नहीं, उसी रात थाने से महज सौ मीटर की दूरी पर एफएम हाईवे स्थित एक मोबाइल शॉप को भी चोरों ने निशाना बनाया था और नकदी व मोबाइल फोन चुरा ले गए थे।

क्या कहते हैं अधिकारी

इस पूरे मामले पर बिसौली के क्षेत्राधिकारी (सीओ) अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ितों की ओर से मिली तहरीर के आधार पर फैजगंज बेहटा थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सभी पीड़ितों से चोरी हुए सामान का विवरण मांगा गया है। जल्द ही घटनाओं का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस की विशेष टीमों का गठन कर दिया गया है।

Scroll to Top