करियर और पढ़ाई के दबाव के बीच विशेषज्ञों की सलाह- उम्मीदों और वास्तविकता में संतुलन बेहद जरूरी
आज के कॉम्पिटिशन के दौर में छात्रों पर परीक्षाओं में अव्वल आने, मनचाही नौकरी पाने और हर क्षेत्र में परफेक्ट दिखने का भारी दबाव रहता है। दिन-रात मेहनत करने के बाद भी जब परिणाम उम्मीद के मुताबिक नहीं आता, तो छात्र अक्सर गहरी निराशा और हताशा से घिर जाते हैं। लेकिन क्या हर बार पहली कोशिश में ही सफल होना जरूरी है? बिल्कुल नहीं। मनोवैज्ञानिकों और शिक्षाविदों का मानना है कि सफलता जितनी ही महत्वपूर्ण जीवन में असफलता भी है, बशर्ते हम उससे सीखकर आगे बढ़ना जानते हों।विद्वानों के अनुसार, निराशा से भागने या अपने दुखों को दबाने के बजाय, उसे स्वीकार करना और समझना ही आगे बढ़ने का सबसे सही तरीका है।
निराशा से बाहर निकलने और ‘सक्सेस माइंडसेट’ बनाने के 4 मूल मंत्र:
उम्मीदों का बोझ कम करें: निराशा अक्सर हमारी सोच और हकीकत के बीच के अंतर से पैदा होती है। छात्र अक्सर परीक्षा से पहले ही परिणाम की इतनी कल्पना कर लेते हैं कि वे उससे भावनात्मक रूप से जुड़ जाते हैं। परिणाम अनुकूल न होने पर वे टूट जाते हैं। इसलिए, परिणाम की चिंता किए बिना केवल अपनी मेहनत पर ध्यान केंद्रित करें।
सफलता के दबाव को करें संतुलित: यदि आपने पिछली बार बहुत अच्छा प्रदर्शन किया था, तो खुद पर हर बार 100% सटीक होने का दबाव न बनाएं। यह समझना जरूरी है कि हर समय एक जैसा प्रदर्शन संभव नहीं है। इंसान गलतियों से ही सीखता है।
खुद को कोसने के बजाय कारणों को समझें: असफल होने पर खुद को दोषी मानना या दूसरों पर गुस्सा निकालना समाधान नहीं है। शांत मन से यह सोचें कि कमी कहाँ रह गई और क्या आपकी उम्मीदें वास्तविक थीं?
निराशा को स्वीकार कर आगे बढ़ें: जब छात्र यह स्वीकार कर लेते हैं कि उतार-चढ़ाव जीवन का एक स्वाभाविक हिस्सा हैं, तो उनका मन हल्का हो जाता है। यही समझदारी उन्हें भविष्य के लिए और अधिक मजबूत और परिपक्व बनाती है।
छात्रों के लिए आज का विचार (Motivation Dose)
:”निराशा जीवन का अंत नहीं, बल्कि यह आपकी सीमाओं को पहचानकर नए सिरे से, दोगुनी ताकत के साथ शुरुआत करने का एक बेहतरीन जरिया है। अपनी उम्मीदों और सच्चाई का सही तालमेल बिठाएं और बिना रुके आगे बढ़ते रहें।”




