शाहजहांपुर (13 जून 2026): जनपद के ब्लॉक खुटार के ग्राम हरनहाई में पिछले दिनों हुए घटनाक्रम को लेकर समाजवादी पार्टी का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल शनिवार को गांव पहुंचा। सपा जिलाध्यक्ष एवं पूर्व चेयरमैन तनवीर खान के नेतृत्व में पहुंचे नेताओं ने पुलिसिया बर्बरता के शिकार हुए ग्रामीणों, महिलाओं और जेल भेजे गए गुड्डू शर्मा के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें पूरी मदद का भरोसा दिलाया।
क्या है मामला?
9 जून को ग्राम हरनहाई में 1 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के मामले में गुड्डू शर्मा के खिलाफ थाना खुटार में मुकदमा दर्ज हुआ था। परिजनों का आरोप है कि उसी रात 11 बजे पुलिस ने खुटार-मैलानी मार्ग पर प्रसादपुर मोड़ के पास ‘फर्जी मुठभेड़’ दिखाकर गुड्डू शर्मा के दोनों पैरों में गोली मार दी और जेल भेज दिया। इसके विरोध में 11 जून को ग्राम प्रधान शोभित कुमार पासवान के नेतृत्व में शांतिपूर्वक धरना दे रहे 200-300 ग्रामीणों और महिलाओं पर पुलिस ने बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज कर दिया, जिसमें कई लोग घायल हुए। पुलिस ने प्रधान शोभित कुमार समेत 7 लोगों पर मुकदमा भी दर्ज कर लिया।
सपा ने सरकार और पुलिस को घेरा
सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खान ने पीड़ितों का दर्द सुनने के बाद भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पुलिस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज कर अंग्रेजी हुकूमत को भी पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर से इस पूरे मामले की मजिस्ट्रेटरियल जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।वहीं, पूर्व मंत्री अवधेश कुमार वर्मा ने आरोप लगाया कि मौके पर एक भी महिला कांस्टेबल न होने के बावजूद पुरुष पुलिसकर्मियों ने महिलाओं पर लाठियां बरसाईं, जो भाजपा सरकार में नारी का खुला अपमान है।
प्रतिनिधिमंडल में ये नेता रहे मौजूद
इस मौके पर मुख्य रूप से सपा जिला महासचिव रंणजय सिंह यादव, महानगर अध्यक्ष चौधरी रामकुमार भोजवाल, जितेंद्र प्रसाद गौतम, अमित शर्मा (जिला अध्यक्ष विश्वकर्मा समाज), जिला उपाध्यक्ष ब्रह्मानंद मिश्रा, मिश्रीलाल पटेल, जितेंद्र वर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष पुवायां आसिफ खान, नगर अध्यक्ष पुवायां राजकुमार शर्मा, सामर्थ यादव, खुटार ब्लॉक अध्यक्ष अतेंद्र वर्मा, श्याम लाल जाटव, पी. एल गौतम, विपिन यादव, विपिन यदुवंशी, अखिलेश शर्मा, मानवेंद्र सिंह यादव उर्फ मोनू, रामनिवास यादव, सरदार सत्यपाल सिंह, राजकुमार शंखधार, रामप्रसाद कनौजिया, हिमांशु गुप्ता, मनजीत कुमार, फराज इदरीसी, आरिफ खान, रानू खान, सरदार बलजीत सिंह और नीरज कुमार आदि उपस्थित रहे।









