अल्मोड़ा-शेराघाट मार्ग पर दर्दनाक हादसा: कांग्रेस रैली से लौट रही कार खाई में गिरी, एक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

कांग्रेस रैली से लौट रही कार खाई में गिरी, एक की मौत,

अल्मोड़ा।अल्मोड़ा-शेराघाट मोटर मार्ग पर काचुला पुल के पास बृहस्पतिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जिला मुख्यालय में आयोजित कांग्रेस की रैली से लौट रहे कार्यकर्ताओं की कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की तत्परता से घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

अनियंत्रित होकर पैराफिट तोड़ते हुए गिरी कार

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कार (वाहन संख्या: UK 04 Y 2999) अल्मोड़ा मुख्यालय से थल-नाचनी की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन काचुला पुल से लगभग 10 मीटर आगे पहुंचा, चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा। कार सड़क किनारे बने सुरक्षा पैराफिट को तोड़ते हुए सीधे नीचे खाई में जा गिरी।हादसे की आवाज सुनते ही आस-पास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय निवासी गंगा सिंह सहित अन्य ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और नदी व खाई के बीच फंसे घायलों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों और मृतक के शव को सड़क तक पहुंचाया।

प्राथमिक उपचार के बाद अल्मोड़ा रेफर

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं। घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। डॉक्टरों ने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उच्च केंद्र (अल्मोड़ा) के लिए रेफर कर दिया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पीड़ित थल क्षेत्र के रहने वाले हैं।

Scroll to Top