नैनीताल में बारिश का तांडव: लैंडस्लाइड की चपेट में आईं 2 कारें, कुमाऊं में 141 सड़कें बंद और नदियां उफान पर

नैनीताल में बारिश का तांडव: लैंडस्लाइड की चपेट में आईं 2 कारें, कुमाऊं में 141 सड़कें बंद और नदियां उफान पर

नैनीताल/उत्तराखंड: उत्तराखंड के नैनीताल समेत पूरे कुमाऊं मंडल में मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। लगातार हो रही तेज बारिश और पहाड़ों से गिरते मलबे के कारण विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थल नैनीताल का देश-दुनिया से संपर्क लगभग टूट गया है।

मंगलवार को हुए जबरदस्त लैंडस्लाइड के कारण हल्द्वानी-नैनीताल हाईवे और कालाढूंगी मार्ग पूरी तरह बाधित हो गए। इस दौरान हल्द्वानी-नैनीताल हाईवे पर दो अलग-अलग स्थानों पर दो कारें अचानक मलबे में फंस गईं। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दो गांव और ज्योलीकोट के बीच हुए भूस्खलन से राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई।

कुमाऊं में जनजीवन अस्त-व्यस्त, गौला नदी का रौद्र रूप

पहाड़ों पर लगातार दरकती चट्टानों के कारण पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत और नैनीताल जिलों में 141 सड़कें बंद हो चुकी हैं। इनमें नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे, बॉर्डर रोड और ग्रामीण संपर्क मार्ग शामिल हैं।लगातार बारिश के चलते क्षेत्र के सभी नदी-नाले और गधेरे उफान पर हैं। हल्द्वानी की गौला नदी विकराल रूप धारण कर चुकी है, वहीं पहाड़ों में कई नए झरने फूट पड़े हैं। नदियां खतरे के निशान के पास बह रही हैं। बिगड़ते मौसम और हादसों की आशंका को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है और लोगों को केवल बेहद जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकलने की सख्त सलाह दी है।

Scroll to Top