रतलाम / रिंगनोद:मादक पदार्थों के तस्कर पुलिस को चकमा देने के लिए नए-नए और हैरान कर देने वाले तरीके अपना रहे हैं। लेकिन मुस्तैद पुलिस के आगे तस्करों की हर चालाकी नाकाम साबित हो रही है। ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला रतलाम जिले के रिंगनोद थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक शातिर तस्कर अपने पेट पर बनियान के अंदर अफीम छिपाकर तस्करी कर रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मुखबिर की सूचना पर माननखेड़ा चौकी के पास घेराबंदी
पुलिस कप्तान एसपी अमित कुमार के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एएसपी विवेक कुमार लाल और जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में रिंगनोद थाना प्रभारी आनंद सिंह आजाद के नेतृत्व में माननखेड़ा चौकी प्रभारी राजेश मालवीय और उनकी टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी।पुलिस को सटीक मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक बाइक से महू-नीमच हाईवे मार्ग से भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने माननखेड़ा चौकी के सामने घेराबंदी कर दी।
कच्चे रास्ते से हाईवे पर आते ही पुलिस ने घेरा
कुछ ही देर में एक संदिग्ध युवक बाइक (क्रमांक MP-14-NG-1255) से कच्चे रास्ते से होते हुए हाईवे की तरफ आता दिखाई दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोका और जब उसकी तलाशी ली गई, तो पुलिस कर्मी भी हैरान रह गए।तलाशी का अनोखा तरीका: आरोपी ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए अफीम को बहुत ही शातिर तरीके से अपने पेट पर बनियान के नीचे छिपाकर बांध रखा था।
मंदसौर का रहने वाला है आरोपी
पूछताछ में आरोपी की पहचान 32 वर्षीय जितेंद्र राठौर (पिता विष्णुप्रसाद राठौर), निवासी ग्राम सरसोद, थाना दलौदा, जिला मंदसौर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3 किलो 100 ग्राम अफीम और तस्करी में इस्तेमाल की गई बाइक को जब्त कर लिया है।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज, 4 जून तक पुलिस रिमांड पर
रिंगनोद पुलिस ने आरोपी जितेंद्र राठौर के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे 4 जून 2026 तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है कि वह यह अफीम कहां से लेकर आया था और आगे किसे सप्लाई करने जा रहा था।



