मुखबिर की वो एक सीक्रेट इन्फॉर्मेशन… और सादीखेड़ी रोड पर ढेर हो गया ड्रग्स तस्करों का प्लान! अब पुलिस खंगाल रही है ‘कॉल डिटेल्स’

मुखबिर की वो एक सीक्रेट इन्फॉर्मेशन... और सादीखेड़ी रोड पर ढेर हो गया ड्रग्स तस्करों का प्लान! अब पुलिस खंगाल रही है 'कॉल डिटेल्स'

उज्जैन (तराना)। नशे के अवैध कारोबार और तस्करों के खिलाफ उज्जैन पुलिस ने एक बार फिर बड़ा प्रहार किया है। तराना थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दो शातिर ड्रग तस्करों को रंगे हाथ दबोचा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 ग्राम कीमती एमडी (MD) ड्रग्स बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 लाख 60 हजार रुपये आंकी जा रही है। पुलिस अब इस पूरे ड्रग सिंडिकेट के नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल

जानकारी के अनुसार, 3 जून को तराना थाना पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि सादीखेड़ी रोड पर दो संदिग्ध युवक अवैध मादक पदार्थ (MD ड्रग्स) लेकर किसी ग्राहक की तलाश में मंडरा रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी ग्रामीण आलोक कुमार शर्मा और SDOP तराना भविष्य भास्कर के कुशल निर्देशन में तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया गया।पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए सादीखेड़ी रोड पर घेराबंदी की और दोनों संदेहियों को हिरासत में ले लिया। जब कानूनी प्रक्रिया के तहत उनकी तलाशी ली गई, तो उनके पास से 11 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई, जिसे पुलिस ने तुरंत जब्त कर लिया।

उज्जैन और तराना के रहने वाले हैं तस्कर

पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद सलीम उर्फ सल्लू (निवासी: काजी चौक, तराना) और अली हुसैन (निवासी: 40 क्वार्टर, जानसापुरा, जीवाजीगंज, उज्जैन) के रूप में हुई है। तराना थाना प्रभारी रामनारायण सिंह भदौरिया ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।

बड़े ड्रग रैकेट से जुड़े हो सकते हैं तार

पुलिस अब पकड़े गए तस्करों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है। तराना पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह महंगी ड्रग्स कहां से लाई गई थी और उज्जैन व आसपास के इलाकों में इसे किन-किन लोगों को सप्लाई किया जाना था। पुलिस को आशंका है कि इस तस्करी के तार किसी बड़े अंतर्राज्यीय ड्रग रैकेट से जुड़े हो सकते हैं, जिसका खुलासा जल्द होने की उम्मीद है।

सराहनीय भूमिका

नशे के खिलाफ इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने में तराना थाना प्रभारी निरीक्षक रामनारायण सिंह भदौरिया, उप निरीक्षक हरिराम अंगोरिया, आरक्षक अमरदीप सिंह, अर्चित शर्मा और जितेन्द्र की मुख्य व सराहनीय भूमिका रही।

Scroll to Top