शाहजहाँपुर मेडिकल कॉलेज में जूनियर डॉक्टरों से मारपीट मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

शाहजहाँपुर मेडिकल कॉलेज में जूनियर डॉक्टरों से मारपीट मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

शाहजहाँपुर: कोतवाली थाना पुलिस ने स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से जुड़े अस्पताल परिसर में चिकित्सकों पर हमला करने और सरकारी कामकाज में बाधा डालने के मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, 21 नवंबर 2026 को स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि रामजी अवस्थी, संदीप, शोभित मिश्रा और कुछ अज्ञात लोग कई वाहनों से अस्पताल के मुख्य द्वार से भीतर आए। आरोपियों ने ओपीडी क्षेत्र के पास नॉन-पीजी जूनियर रेजिडेंट डॉ. हर्षवर्धन और डॉ. अंशुमन केम के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज व मारपीट की, जानलेवा हमला करने का प्रयास किया तथा उनके राजकीय कार्य में बाधा पहुंचाई।

विवेचना में सामने आया नाम, दो गिरफ्तार

प्रधानाचार्य की तहरीर के आधार पर कोतवाली थाने में मु०अ०सं० 424/2026 के तहत बीएनएस (BNS) की धारा 191(2), 132, 121(1), 109(1), 352, 115(2) तथा उत्तर प्रदेश परिचर्या सेवा कर्मी एवं चिकित्सा परिचर्या सेवा संस्था अधिनियम की धारा 3A/4 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान अनुज मिश्रा का नाम भी सामने आया। इसके बाद कोतवाली पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तिलहर थाना क्षेत्र के बरैचा गांव निवासी अनुज मिश्रा (उम्र करीब 25 वर्ष) पुत्र शिवनन्दन और संदीप राज (उम्र करीब 19 वर्ष) पुत्र सरजू को हिरासत में ले लिया।

पुलिस टीम की कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण तथा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मोहित कुमार अधाना और कांस्टेबल करन सैनी शामिल रहे। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

Scroll to Top