कन्नौज (उत्तर प्रदेश): जिले के गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र में 4 और 5 नवंबर की रात को हुए रेलवे टिकट विक्रेता दंपति के दोहरे हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद इस जघन्य वारदात के मुख्य आरोपी योगेश राजपूत उर्फ ‘पंगा’ को गिरफ्तार कर लिया है। जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है और उसके पास से अवैध हथियार व कारतूस बरामद किए गए हैं।
लूट के इरादे से घर में दाखिल हुआ था आरोपी
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि रेलवे स्टेशन पर टिकट बिक्री करने वाले 35 वर्षीय संजीव कठेरिया और उनकी 32 वर्षीय पत्नी शिखा की उनके पुराने सरकारी आवास में बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। पूछताछ के दौरान आरोपी योगेश ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह अक्सर स्टेशन के आसपास रहता था और संजीव को टिकट बिक्री की नकदी ले जाते देखता था।
पैसे के लालच में 4-5 नवंबर की दरमियानी रात वह पीएचसी स्थित पुराने आवास का तिरपाल काटकर अंदर घुसा। आहट होने पर संजीव की नींद खुल गई, जिस पर आरोपी ने डंडे से हमला कर उनकी हत्या कर दी।
महिला की हत्या के बाद की दरिंदगी, मासूम को भी किया घायल
पति पर हमला होता देख पत्नी शिखा ने शोर मचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उनका मोबाइल छीनकर स्विच ऑफ कर दिया और उन्हीं के दुपट्टे से गला घोंटकर उनकी भी जान ले ली। इस दौरान उसने दंपति की दो साल की मासूम बेटी तान्या पर भी हमला कर उसे घायल कर दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में यह भी स्वीकार किया कि महिला की हत्या करने के बाद उसने शव के साथ दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद वह पर्स में रखे लगभग पांच हजार रुपये नकद और संजीव का एटीएम कार्ड लेकर फरार हो गया।
कसारी जंगल में मुठभेड़ के बाद चढ़ा पुलिस के हत्थे
घटना के बाद से ही फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड, एसओजी और सर्विलांस की टीमें मामले की जांच में जुटी थीं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने आरोपी की पहचान की। मुखबिर की सूचना पर जब पुलिस टीम ने कसारी जंगल के पास घेराबंदी की, तो आरोपी ने पुलिस पर गोलियां चला दीं। पुलिस की आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में योगेश के दोनों पैरों में गोली लगी और उसे दबोच लिया गया।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी एक शातिर अपराधी है और उसके विरुद्ध तालग्राम थाने में पहले से ही नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल घायल आरोपी का इलाज कराया जा रहा है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।









