नाला निर्माण धीमा मिलने पर भड़के नगरायुक्त, ठेकेदार को मौके पर तलब कर 23 अगस्त तक काम पूरा करने की दी हिदायत

नाला निर्माण धीमा मिलने पर भड़के नगरायुक्त, ठेकेदार को मौके पर तलब कर 23 अगस्त तक काम पूरा करने की दी हिदायत

शाहजहांपुर। आगामी बारावफात जुलूस के मद्देनजर शांतिपूर्ण और सुगम व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। सोमवार को नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी ने अपर नगर आयुक्त अजय त्रिपाठी, निगम अधिकारियों और जुलूस कमेटी के सदस्यों के साथ जुलूस मार्गों का गहन स्थलीय निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान महिला थाना से रोडवेज बस स्टैंड सहित विभिन्न मार्गों पर सफाई, पेयजल आपूर्ति, पथ प्रकाश (स्ट्रीट लाइट) और सड़कों की स्थिति का जायजा लिया गया।

समन्वय बनाकर गड्ढे भरने के निर्देश

नगर आयुक्त ने लोक निर्माण विभाग (PWD), जल निगम और नगर निगम के निर्माण विभाग को आपस में बेहतर समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि जुलूस मार्ग की सड़कों पर जहां भी गड्ढे हैं, उन्हें तत्काल भरकर समतल किया जाए और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाए ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो।

धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी

महिला थाना के समीप चल रहे नाला निर्माण कार्य की धीमी गति देखकर नगर आयुक्त ने कड़ा असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने तुरंत ठेकेदार को मौके पर तलब कर फटकार लगाई और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने अल्टीमेटम देते हुए स्पष्ट कहा कि नाला निर्माण का कार्य 23 अगस्त तक हर हाल में पूरा हो जाना चाहिए।

लगातार निगरानी के आदेश

उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जुलूस मार्गों पर सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सड़क मरम्मत के कार्यों की खुद लगातार मॉनिटरिंग करें और समय रहते सभी तैयारियां पूर्ण कराएं।

Scroll to Top