गीता प्रवचन के दौरान श्योपुर जिला जेल से कैदी फरार: चादरों की रस्सी बनाकर लांघी दीवार, पुलिस महकमे में हड़कंप

गीता प्रवचन के दौरान श्योपुर जिला जेल से कैदी फरार: चादरों की रस्सी बनाकर लांघी दीवार, पुलिस महकमे में हड़कंप

श्योपुर। मध्यप्रदेश की श्योपुर जिला जेल से शनिवार दोपहर एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला से दुष्कर्म और अपहरण के आरोप में बंद एक विचाराधीन कैदी जेल की ऊंची दीवार लांघकर फरार हो गया। आरोपी ने भागने के लिए जेल में मौजूद चादरों को आपस में बांधकर रस्सी का इस्तेमाल किया। घटना के बाद से जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।

घटना का विवरण

आरोपी की पहचान: धर्मेंद्र कुशवाह (24), निवासी पलायचा (ग्वालियर)।

मामला: कराहल थाने में महिला के अपहरण और शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का केस दर्ज (BNS की धारा 137(2) और 87)।

जेल में दाखिला: आरोपी 31 मई से श्योपुर जिला जेल में बंद था।

प्रवचन के दौरान दिया चकमा

शनिवार सुबह 11 से 12 बजे के बीच धर्मेंद्र ने सिलाई की ट्रेनिंग ली। इसके बाद दोपहर 12 बजे वह जेल परिसर के सभागार में आयोजित ‘ऑनलाइन गीता प्रवचन’ कार्यक्रम में शामिल होने गया। कार्यक्रम खत्म होने के बाद बैरक में लौटने के बजाय वह मौका देखकर परिसर में ही कहीं छिप गया। जैसे ही सुरक्षा में थोड़ी ढील मिली, उसने चादरों की रस्सी बनाई और दीवार फांदकर भाग निकला।

सर्च ऑपरेशन जारी

जिला जेल अधीक्षक प्रभात कुमार के अनुसार, घटना की जानकारी तुरंत जेल मुख्यालय और पुलिस अधीक्षक को दे दी गई है। जिले के सभी थानों को अलर्ट पर रखा गया है और आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

Scroll to Top