ऑपरेशन प्रहार के तहत तीन ठिकानों पर पुलिस की छापेमारी, 4 किलो 80 ग्राम स्मैक के साथ 50 किलो केमिकल और बिना नंबर की स्कॉर्पियो जब्त

अररिया स्मैक बरामदगी, 25 करोड़ की स्मैक, बिहार नशा तस्करी, ऑपरेशन प्रहार, स्मैक तस्कर गिरफ्तार

अररिया (बिहार)। बिहार के अररिया जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय तस्करी गिरोह का खुलासा किया है। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस ने तीन अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से कुल 4 किलो 80 ग्राम स्मैक, 50 किलोग्राम सोडियम कार्बोनेट, एसिड और अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, जब्त स्मैक और केमिकल की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 25 करोड़ रुपये से अधिक है।

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने पुलिस कार्यालय में कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में सूखे नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसडीपीओ सुशील कुमार के नेतृत्व में डीआईयू टीम, नगर थाना और अररिया आरएस थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त कार्रवाई की।

तीन स्थानों पर हुई छापेमारी

पुलिस के मुताबिक, पहली कार्रवाई अररिया आरएस थाना क्षेत्र में एनएच-27 स्थित हड़ियाबाड़ा टोल प्लाजा के पास की गई। यहां पश्चिम बंगाल के मालदा निवासी इस्माईल शेख को 812 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने जोगबनी निवासी रियाज अंसारी को खेप पहुंचाने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने रियाज को जोगबनी स्टेशन रोड से गिरफ्तार कर लिया।

दूसरी कार्रवाई नगर थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि पूर्णिया की ओर से आ रही यात्री बस में स्मैक की खेप ले जाई जा रही है। तलाशी के दौरान पश्चिम बंगाल के मालदा निवासी रिंकू महलदार के पास से 1 किलो 416 ग्राम स्मैक बरामद हुआ।

स्कॉर्पियो से मिला क्रूड स्मैक और केमिकल

तीसरी कार्रवाई एनएच-27 पर वाहन चेकिंग के दौरान हुई। पुलिस ने बिना नंबर की काले रंग की स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली। वाहन से 1 किलो 852 ग्राम क्रूड स्मैक और 50 किलो सोडियम कार्बोनेट बरामद किया गया।

इसके अलावा एक गैलन एसिड, पांच लीटर डिस्टिल वाटर, 500 ग्राम प्लास्टिक के जीपर, छह स्मार्टफोन, डिजिटल तराजू और एक बड़ा टब भी जब्त किया गया। पुलिस को आशंका है कि बरामद सामग्री का इस्तेमाल नशीले पदार्थ को तैयार करने और उसकी पैकिंग में किया जा रहा था।

मालदा से अररिया तक फैला था नेटवर्क

गिरफ्तार आरोपियों में पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कलियाचक निवासी इस्माईल शेख, रिंकू महलदार, रमजानी महलदार और नबीरुल शामिल हैं। इनके अलावा अररिया जिले के जोगबनी स्थित हाजी मोहल्ला निवासी रियाज अंसारी और फारबिसगंज के हरिपुर निवासी मुकेश कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है।

अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की जांच में जुटी पुलिस

एसपी जितेंद्र कुमार के अनुसार, शुरुआती जांच में इस गिरोह के अंतर्राज्यीय और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन के संकेत मिले हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि स्मैक कहां तैयार किया जाता था, इसकी सप्लाई किन-किन राज्यों और इलाकों में होती थी तथा इस नेटवर्क में और कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Scroll to Top