रूह कंपा देने वाला सच: सोशल मीडिया पर अमीर बनने के तरीके खोज रहा था युवक, मासूम को शराब पिलाकर बेरहमी से काटा

रूह कंपा देने वाला सच: सोशल मीडिया पर अमीर बनने के तरीके खोज रहा था युवक, मासूम को शराब पिलाकर बेरहमी से काटा

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां सन्ना थाना क्षेत्र में 4 वर्षीय मासूम बच्चे की नृशंस हत्या कर दी गई। आरोपी ने मासूम का गला रेतने के बाद उसके शरीर से आंख, किडनी और फेफड़े निकालकर बाल्टी में भर दिए और शव को बोरी में लपेटकर खेत के पानी से भरे गड्ढे में दबा दिया। सन्ना थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत के आदेश पर जेल भेज दिया है।

5 नवंबर से लापता था 4 साल का मासूम जितेंद्र

पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सन्ना क्षेत्र के महुआ निवासी रामजीत राम ने 7 नवंबर को अपने 4-5 वर्षीय बेटे जितेंद्र राम के गुमशुदा होने की शिकायत दर्ज कराई थी। रामजीत पिछले एक साल से परिवार के साथ सन्ना में मजदूरी कर रहा था। 5 नवंबर की सुबह आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू (27), जो रिश्ते में रामजीत का ममेरा भाई लगता है, रामजीत को शराब पिलाने के बहाने ले गया था। इसके बाद से ही मासूम जितेंद्र गायब था।

खेत के गड्ढे में बोरी के अंदर मिला शव

परिजनों द्वारा लगातार की जा रही तलाश के दौरान 7 नवंबर की सुबह सन्ना गांव के एक खेत की मेड़ के पास पानी से भरे गड्ढे में संदिग्ध बोरी दिखाई दी। बोरी को खोलने पर कंबल और गोधड़ी में लिपटा हुआ मासूम जितेंद्र का शव बरामद हुआ। मामले की सूचना तुरंत सन्ना थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित जांच शुरू की।

जल्द अमीर बनने का जुनून और सोशल मीडिया का असर

संदेह के आधार पर पुलिस ने बासुदेव उर्फ टंगनू को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह मजदूरी की कमाई से खुश नहीं था और कम समय में अधिक पैसा कमाना चाहता था। आरोपी लगातार सोशल मीडिया पर ऑनलाइन पैसे कमाने के रास्ते तलाशता रहता था। इसी दौरान उसके दिमाग में बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने का विचार आया।

शराब पिलाकर की हत्या, फिर निकाले अंग

आरोपी ने खुलासा किया कि 5 नवंबर को वह बच्चे को बहला-फुसलाकर अपनी झोपड़ी में ले गया। वहां उसने मुर्गा बनाया और मासूम को शराब पिलाई। जब बच्चा नशे में सो गया, तब उसने चाकू से उसका गला रेत दिया। इसके बाद आरोपी ने मासूम के सीने और पेट को काटकर उसकी दोनों आंखें, किडनी और फेफड़े बाहर निकालकर एक प्लास्टिक की बाल्टी में रख लिए। शव को कंबल में लपेटकर बोरी में भरा और खेत के गड्ढे में मिट्टी से दबा दिया।

आला-कत्ल और मानव अंग बरामद, आरोपी जेल भेजा गया

पुलिस ने आरोपी बासुदेव की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू, फावड़ा, मानव अंगों से भरी बाल्टी, मोबाइल फोन और बच्चे का शव बरामद कर लिया है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

Scroll to Top