रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के बीच एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है। केदारनाथ धाम जा रहे तीर्थयात्रियों की एक तेज रफ्तार महिंद्रा एक्सयूवी 700 कार तिलवाड़ा पेट्रोल पंप के पास अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 मीटर गहरी खाई को चीरते हुए सीधे नदी किनारे पानी में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीमों ने देवदूत बनकर त्वरित कार्रवाई की और कार में फंसे सभी 5 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
तड़के हुआ हादसा, नदी के पानी में फंसी कार
जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा सुबह के वक्त हुआ। जिला कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि तिलवाड़ा पेट्रोल पंप के पास एक वाहन (संख्या: UP16-DK0856) अनियंत्रित होकर नदी में गिर गया है। सूचना मिलते ही तिलवाड़ा चौकी और अगस्त्यमुनि कोतवाली से पुलिस बल आपदा राहत उपकरणों के साथ तुरंत मौके पर पहुंचा। इसके साथ ही SDRF, DDRF और 108 आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा को भी तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया।
खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाए गए घायल
नदी किनारे पानी में फंसी कार से रेस्क्यू टीम ने बेहद सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए सभी पांचों यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, जिसे एक बड़ा चमत्कार माना जा रहा है।हादसे में दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हुई हैं, जिन्हें हाथ-पैर में फ्रैक्चर और अंदरूनी चोटें आई हैं। वहीं, चालक समेत तीन पुरुषों को मामूली चोटें लगी हैं। रेस्क्यू टीम ने सभी घायलों को खाई से बाहर निकालकर तुरंत 108 एम्बुलेंस के जरिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भिजवाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है।
घायलों की सूची:
दुर्घटना का शिकार हुए यात्री पश्चिम बंगाल से केदारनाथ धाम के दर्शन के लिए निकले थे। घायलों की पहचान इस प्रकार हुई है:
प्रिंस सिंह (30 वर्ष) – निवासी: पलामू, झारखंडसभीमा सिंह (28 वर्ष) – निवासी: पश्चिम बंगालसुजोन मुखर्जी (27 वर्ष) – निवासी: राजगंज, जलपाईगुड़ीऋजा मुखर्जी (30 वर्ष) – निवासी: राजगंज, जलपाईगुड़ीप्रदीप कुमार (35 वर्ष, चालक) – निवासी: औरैया, उत्तर प्रदेश
पुलिस और राहत एजेंसियों की त्वरित और सटीक कार्रवाई की बदौलत समय रहते सभी यात्रियों की जान बचाई जा सकी। स्थानीय प्रशासन ने एक बार फिर चारधाम यात्रा पर आ रहे तीर्थयात्रियों से पहाड़ों पर सावधानीपूर्वक और नियंत्रित गति में वाहन चलाने की अपील की है।





