भागलपुर के खरीक में कोसी नदी हादसा: नहाते वक्त डूबे चार बच्चे, दो बचे और दो लापता

भागलपुर के खरीक में कोसी नदी हादसा: नहाते वक्त डूबे चार बच्चे, दो बचे और दो लापता

भागलपुर (नवगछिया): खरीक थाना क्षेत्र के ढोढिया दादपुर गांव के पास कोसी नदी में नहाने के दौरान बड़ा हादसा पेश आया है। नदी के गहरे हिस्से में चले जाने से चार बच्चे डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों की कोशिश से दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो अन्य बच्चे तेज बहाव में लापता हो गए हैं।

ग्रामीणों ने तुरंत दिखाई हिम्मत

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में नदी किनारे जुट गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कई ग्रामीणों ने तुरंत पानी में उतरकर बचाव कार्य शुरू किया। उनकी तत्परता से दो बच्चों की जान बच सकी, लेकिन दो बच्चों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। लापता बच्चों की तलाश के लिए स्थानीय स्तर पर खोजबीन जारी है।

पुलिस मौके पर, बचाव अभियान जारी

हादसे की सूचना पर नदी थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने हालात का जायजा लेने के साथ ही तलाश और बचाव कार्य में मदद शुरू की। घटना के बाद से नदी तट पर लोगों की भीड़ जमा है और हर कोई लापता बच्चों के मिलने की दुआ कर रहा है।

गांव में शोक, SDRF की मांग

एक साथ दो बच्चों के लापता होने से परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना के बाद ढोढिया दादपुर और आसपास के क्षेत्रों में मातम व चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि लापता बच्चों को जल्द खोजने के लिए गोताखोरों और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को तुरंत लगाया जाए।

Scroll to Top