दिल्ली में ताबड़तोड़ फायरिंग से दहशत, 15 से 20 राउंड गोलियां चलाकर समीर की हत्या; बाइक सवार हमलावर फरार

Delhi Murder: सोनिया विहार में 15-20 राउंड फायरिंग, समीर की हत्या

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के उत्तर-पूर्वी इलाके में दिनदहाड़े हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से सनसनी फैल गई। खजूरी खास थाना क्षेत्र के सोनिया विहार में बीजेपी कार्यालय के पास बाइक सवार हमलावरों ने समीर नाम के युवक पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। इस हमले में समीर की मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक, समीर सोनिया विहार इलाके में बीजेपी कार्यालय के पास मौजूद था। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर पहुंचे हमलावरों ने उसे निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती पुलिस जांच के अनुसार, वारदात के दौरान करीब 15 से 20 राउंड गोलियां चलाई गईं।

गोली लगने से समीर गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके से गोलियों के खोखे बरामद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि मृतक समीर उत्तर-पूर्वी दिल्ली के मुस्तफाबाद का रहने वाला था। घटनास्थल के पास ही दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा का कार्यालय भी स्थित है। हालांकि, शुरुआती जांच में मंत्री या उनके कार्यालय का इस हत्याकांड से कोई संबंध सामने नहीं आया है।

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Scroll to Top