दिल्ली: ‘मुझे बचा लो.’ मां को फोन करने के कुछ घंटे बाद विवाहित महिला की संदिग्ध मौत, ससुराल वालों पर हत्या और दहेज उत्पीड़न का आरोप

' मां को फोन करने के कुछ घंटे बाद विवाहित महिला की संदिग्ध मौत

दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक विवाहित महिला, कृतिका शुक्ला की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना, दहेज उत्पीड़न, यौन उत्पीड़न और हत्या जैसे बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का दावा है कि मौत से चंद घंटे पहले कृतिका ने रोते हुए अपनी मां को वीडियो कॉल कर बचाने की गुहार लगाई थी।

आखिरी कॉल: “ससुराल वाले मेरे साथ कुछ भी कर सकते हैं”

परिजनों के अनुसार, 2 जून की रात कृतिका ने अपनी मां को फोन और वीडियो कॉल किया था। उस वक्त वह बेहद डरी और मानसिक रूप से टूटी हुई लग रही थी। कृतिका ने रोते हुए कहा था कि उसका पति और ससुराल वाले उसे धमका रहे हैं और उसके साथ कुछ भी अनहोनी कर सकते हैं। उसने मां से तुरंत मायके ले जाने की मिन्नतें कीं।बातचीत के बाद डरे हुए परिवार ने अगली ही सुबह दिल्ली पहुंचकर कृतिका को वापस लाने का फैसला किया। लेकिन, उनके दिल्ली पहुंचने से पहले ही सुबह ससुराल पक्ष से कृतिका की मौत की खबर आ गई।

2016 में हुई थी शादी, तभी से मिल रहे थे ताने

मृतका के पिता श्रीनिवास सीताराम तिवारी, जो मुंबई में एक सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत हैं, ने बताया कि सुबह उनके दामाद हिमांशु उर्फ शिवानंद शुक्ला का फोन आया और कहा गया कि कृतिका ने फांसी लगा ली है।पिता ने रोते हुए बताया कि उन्होंने साल 2016 में बड़े अरमानों के साथ बेटी की शादी की थी। लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही प्रताड़ना का सिलसिला शुरू हो गया। घर के काम, मायके वालों और पैसों को लेकर अक्सर कृतिका को अपमानित किया जाता था। सामाजिक प्रतिष्ठा और बेटी का घर बचाने की खातिर परिवार हर बार कृतिका को समझा-बुझाकर वापस भेजता रहा, जिसका आज उन्हें गहरा पछतावा है।

ससुर और जेठ पर यौन उत्पीड़न के आरोप

पहले कृतिका के बड़े ससुर (जेठ) ने उसके साथ छेड़छाड़ की कोशिश की थी।

बाद में उसके ससुर द्वारा भी कथित तौर पर गलत हरकतें करने का प्रयास किया गया।

जब कृतिका ने इन हरकतों का विरोध किया, तो पूरे परिवार (सास, ससुर, पति और ननदों) ने मिलकर उस पर मानसिक दबाव और प्रताड़ना बढ़ा दी।

15 लाख रुपये दहेज की मांग

पिता का आरोप है कि उन्होंने शादी के समय अपनी हैसियत से बढ़कर करीब 3 लाख रुपये नकद और सोना-चांदी दिया था। इसके बावजूद लड़के वाले 15 लाख रुपये की मांग कर रहे थे, जिसे पूरा करना उनके लिए असंभव था। पैसों की तंगी के कारण कृतिका अक्सर अपने मामा या मायके वालों से मदद मांगती थी।

साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ का संदेह

पीड़ित परिवार ने दिल्ली पुलिस में दर्ज कराई एफआईआर में घटनास्थल के साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ की आशंका जताई है। परिवार का कहना है कि पुलिस या मेडिकल टीम के पहुंचने से पहले ही शव को फंदे से नीचे क्यों उतारा गया?

मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जाए।

मृतका का मोबाइल, आरोपियों के फोन और पति का लैपटॉप जब्त कर साइबर फॉरेंसिक जांच कराई जाए ताकि आखिरी रात के सच का पता चल सके

पुलिस का बयान और वर्तमान स्थिति

ईस्ट दिल्ली के डीसीपी राजीव कुमार रावल के अनुसार, 3 जून को न्यू अशोक नगर थाना पुलिस को महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली थी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो शव फंदे पर नहीं था। पति ने पुलिस को बताया कि उसने कृतिका को बचाने के लिए दरवाजा तोड़ा और उसे पंखे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। शुरुआती जांच को आत्महत्या का मामला मानकर आगे बढ़ाया जा रहा है, लेकिन पुलिस का स्पष्ट कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।जांच के घेरे में कई सवाल: मौत से ठीक पहले मदद की गुहार लगाने वाली कृतिका अब इस दुनिया में नहीं है। अपने पीछे वह दो मासूम बच्चों और एक उजाड़ हो चुका मायका छोड़ गई है। अब सभी को पुलिस की निष्पक्ष जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है ताकि कृतिका को न्याय मिल सके।

Scroll to Top