ग्वालियर: ग्वालियर जिले के पिछोर थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ी अकबई गांव के पास शनिवार को एक दर्दनाक वारदात सामने आई है। टेकनपुर स्थित ग्लोरियस कॉन्वेंट स्कूल की बच्चों से भरी बस पर बेखौफ बदमाशों ने फायरिंग कर दी। कार हटाने के मामूली विवाद में कार सवार दो युवकों ने देशी कट्टे से चार गोलियां चलाईं, जिसमें बस चालक खेम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। गनीमत यह रही कि बस में सवार करीब 50 बच्चे इस घटना में बाल-बाल बच गए।
रास्ता मांगने पर बढ़ा विवाद
घटना के अनुसार, ग्लोरियस कॉन्वेंट स्कूल की बस बच्चों को लेकर जा रही थी। बड़ी अकबई गांव के पास सड़क के बीचों-बीच एक स्विफ्ट कार खड़ी थी। जब बस चालक खेम सिंह ने रास्ता देने के लिए गाड़ी हटाने को कहा, तो कार सवारों ने पेट्रोल खत्म होने का बहाना बनाया। इस पर चालक ने कार को धक्का देकर किनारे करने की बात कही, जिससे नाराज होकर बदमाशों ने विवाद शुरू कर दिया और अचानक कट्टा निकालकर चालक पर गोलियां चला दीं।
काले शीशे और ‘गुर्जर’ लिखी कार से आए थे आरोपी
चालक खेम सिंह के अनुसार, हमलावरों की कार के शीशे काले थे और उस पर ‘गुर्जर’ लिखा हुआ था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल चालक को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है। सूचना मिलते ही एसडीओपी सौरभ कुमार और पुलिस बल मौके पर पहुंचे।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
घटना के बाद सभी बच्चों को सुरक्षित रखते हुए बस को पिछोर थाने में खड़ा कराया गया है। दिनदहाड़े 50 मासूम बच्चों की जान जोखिम में डालने वाली इस घटना ने क्षेत्र की कानून व्यवस्था और बदमाशों में पुलिस के खौफ पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में नाकाबंदी कर जांच तेज कर दी है।








