रंगपुर। बांग्लादेश के रंगपुर शहर के दासपारा (मछुआपारा) इलाके में एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। बंद घर के अंदर रिटायर्ड शिक्षक, उनकी पत्नी, बेटी और 12 वर्षीय बेटे के शव अलग-अलग स्थानों पर बरामद हुए। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि चारों की गला घोंटकर हत्या की गई है। मामले की जांच पुलिस, सीआईडी और डिटेक्टिव ब्रांच (डीबी) की संयुक्त टीमें कर रही हैं।
शनिवार रात करीब 11:30 बजे मिले शव
‘द डेली स्टार’ की रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार रात करीब 11:30 बजे दासपारा इलाके के एक मकान से चारों शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान रंगपुर जिला स्कूल के सेवानिवृत्त शिक्षक गणपति चक्रवर्ती (65), उनकी पत्नी प्रीतिलता चक्रवर्ती (50), बेटी आगामी चक्रवर्ती प्रार्थी (23) और बेटे प्रियम चक्रवर्ती (12) के रूप में हुई है।
रंगपुर मेट्रोपॉलिटन कोतवाली थाने के प्रभारी नजमुल कादर ने घटना की पुष्टि की है। वहीं, रंगपुर मेट्रोपॉलिटन सीआईडी के प्रभारी सुबीर चौधरी के मुताबिक, मां और बेटी के शव घर की सीढ़ियों से, गणपति चक्रवर्ती का शव छत से और 12 वर्षीय बेटे का शव एक बेड के नीचे मिला।
गला घोंटकर हत्या की आशंका
सीआईडी अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में चारों की गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस के मुताबिक, वारदात गुरुवार आधी रात से शुक्रवार तड़के के बीच होने की संभावना है।
परिजनों के अनुसार, गुरुवार रात से परिवार के चारों सदस्यों के मोबाइल फोन बंद आ रहे थे। प्रीतिलता की छोटी बहन पूजा चक्रवर्ती ने बताया कि उनकी गुरुवार दोपहर अपनी बहन से आखिरी बार बात हुई थी। इसके बाद फोन लगातार बंद मिलने पर शनिवार रात परिवार के लोग दासपारा स्थित घर पहुंचे।
घर का मुख्य गेट बंद था और अंदर की सभी लाइटें भी बुझी हुई थीं। संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घर का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुई। तलाशी के दौरान परिवार के चारों सदस्यों के शव अलग-अलग जगहों पर मिले।
परिजनों ने बताया- किसी से दुश्मनी नहीं थी
परिजनों का कहना है कि गणपति चक्रवर्ती की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उनकी भतीजी सोमा चक्रवर्ती के मुताबिक, गणपति पिछले साल 31 दिसंबर को रंगपुर जिला स्कूल से सेवानिवृत्त हुए थे। रिटायरमेंट के बाद वह होम्योपैथी प्रैक्टिशनर के तौर पर काम कर रहे थे।
गणपति की बेटी आगामी चक्रवर्ती प्रार्थी ने इसी साल रंगपुर कारमाइकल कॉलेज से अंग्रेजी में मास्टर्स की पढ़ाई पूरी की थी। उनका 12 वर्षीय बेटा प्रियम रंगपुर जिला स्कूल में पांचवीं कक्षा का छात्र था।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह परिवार करीब चार साल से इलाके में रह रहा था। गणपति ने यहां तीन मंजिला मकान बनवाया था, हालांकि मकान का कुछ निर्माण कार्य अभी बाकी था।
पुलिस ने शुरू की गहन जांच
रंगपुर मेट्रोपॉलिटन पुलिस कमिश्नर मोहम्मद अब्दुल माबूद ने बताया कि मामले की सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। घटना की सच्चाई सामने लाने के लिए डिटेक्टिव ब्रांच की टीम भी जांच में जुटी है।
फिलहाल पुलिस हत्या के कारण और वारदात को अंजाम देने वालों का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।


