काठमांडू/हेटौंडा: नेपाल के मकवानपुर जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भीमफेदी क्षेत्र में यात्रियों को लेकर काठमांडू जा रही एक सूमो गाड़ी अनियंत्रित होकर त्रिभुवन राजपथ से सीधे राप्ती नदी में जा गिरी। इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि सात अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस और प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे ‘ना 1 ज 2143’ नंबर की सूमो हेटौंडा से काठमांडू के लिए रवाना हुई थी। भीमफेदी गांवपालिका-1 स्थित भैंसे बाजार के समीप पहुंचते ही ड्राइवर ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया और वाहन सड़क से फिसलकर नीचे बह रही राप्ती नदी में समा गया। दुर्घटना के वक्त वाहन में ड्राइवर समेत कुल 10 यात्री मौजूद थे।
रेस्क्यू ऑपरेशन और घायलों की स्थिति
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस बल और सुरक्षाकर्मियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद नदी से सभी घायलों और शवों को बाहर निकाला गया।
मकवानपुर के पुलिस उपाधीक्षक (DSP) माधव काफ्ले ने बताया कि मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं, जिनकी शिनाख्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, हादसे में घायल हुए सभी सात लोगों को इलाज के लिए हेटौंडा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत स्थिर (मध्यम) बताई है। जिले के प्रमुख जिला अधिकारी (CDO) वसंत अधिकारी ने भी घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।
12 दिनों में दूसरी बड़ी दुर्घटना, सुरक्षा पर उठे सवाल
गौरतलब है कि मकवानपुर के इसी भीमफेदी इलाके में महज 12 दिनों के भीतर यह दूसरी बड़ी सड़क दुर्घटना है। इससे पहले 12 नवंबर को भीमफेदी गांवपालिका-6 के चिसापानीगढ़ी इलाके में काठमांडू से सर्लाही जा रही एक माइक्रोबस करीब 700 मीटर गहरी खाई में गिर गई थी। उस भीषण हादसे में 14 यात्रियों की मौत हो गई थी और छह लोग घायल हुए थे।




